तुर्की का एक C-130 सैन्य कार्गो विमान मंगलवार को जॉर्जिया के काखेती इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान अजरबैजान से तुर्की लौट रहा था और इसमें चालक दल सहित 20 लोग सवार थे। अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए बचाव दल तुरंत भेजे गए हैं, लेकिन विमान के गिरने की स्थिति को देखकर सभी के सुरक्षित रहने की संभावना कम दिखाई दे रही है।
तुर्की रक्षा मंत्रालय ने कहा कि खोज और बचाव अभियान अजरबैजान और जॉर्जिया अधिकारियों के साथ समन्वय में जारी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान के टुकड़े जमीन पर बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि यह हादसा देश के सिग्नाघी नगरपालिका इलाके में हुआ, जो अजरबैजान की सीमा के करीब है। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने हताहतों के प्रति संवेदना जताई और उम्मीद जताई कि नुकसान न्यूनतम होगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से उन्हें गहरा दुःख हुआ है।
C-130 हरक्यूलिस चार इंजन वाला बहुउद्देश्यीय सैन्य विमान है, जो छोटे और अस्थायी रनवे से भी उड़ान भर सकता है। इसका मुख्य काम सैनिकों, सामग्री और उपकरणों का परिवहन है, लेकिन इसका इस्तेमाल गनशिप, एयरबोर्न असॉल्ट, आपात राहत और टोही मिशनों में भी किया जाता है। इसकी बहुमुखी क्षमता इसे दुनिया की प्रमुख टैक्टिकल एयरलिफ्टर विमान प्रणाली बनाती है। यह हादसा सैन्य विमान संचालन और सुरक्षा के महत्व को फिर से उजागर करता है।









