हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना बुधवार देर रात देवीकोटी-टेपा मार्ग पर हुई, जब पांच लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक राजिंदर कुमार, पम्मी कुमार और सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह और धर्म सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


