Crime National

दिल्ली में सेवानिवृत्त बैंकर से 22.92 करोड़ की डिजिटल ठगी, कंबोडिया से जुड़े तार

दक्षिण दिल्ली के गुलमोहर पार्क में रहने वाले एक सेवानिवृत्त बैंकर के साथ राजधानी की अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल ठगी का मामला सामने आया है. साइबर अपराधियों ने उन्हें छह सप्ताह तक “डिजिटल अरेस्ट” में रखकर 22.92 करोड़ रुपये ठग लिए. दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन बैंक खाता धारक, एक बिचौलिया और एक एनजीओ संचालक शामिल हैं.

ठगों ने खुद को टेलीकॉम कंपनी, मुंबई पुलिस, ईडी और सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़ित को मानसिक रूप से कैद कर लिया था. वे हर दो घंटे में वीडियो कॉल कर यह सुनिश्चित करते थे कि पीड़ित किसी से संपर्क न कर सके. जांच में पता चला कि ठगी का पैसा उत्तराखंड स्थित एक एनजीओ के खाते में भेजा गया था ताकि उसे वैध विदेशी फंडिंग जैसा दिखाया जा सके. पुलिस ने अब तक 2,500 बैंक खातों को फ्रीज किया है और करीब 3 करोड़ रुपये की रकम जब्त की है. शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह कंबोडिया से संचालित होता है और भारत में एजेंटों के नेटवर्क के जरिए करोड़ों की ठगी कर चुका है.