Gujrat

सूरत में बनेगा भव्य ‘महाधाम’: 50 कमरे, 1000 लोगों के भोजन की व्यवस्था, 400 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

हीरा और सिल्क सिटी के नाम से प्रसिद्ध सूरत (Surat) अब धार्मिक दृष्टि से भी अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। शहर में जल्द ही उज्जैन के महाकाल और सालासर बालाजी भगवान का एक अत्यंत भव्य मंदिर परिसर ‘महाधाम’ (Mahadham) बनने जा रहा है। इस परियोजना की शुरुआत श्री महाकालेश्वर सालासर हनुमान ट्रस्ट द्वारा की जा रही है, और इसके निर्माण की तैयारियां ज़ोरों पर हैं।

ट्रस्ट के संस्थापक ट्रस्टी सत्यनारायण गोयल और कोषाध्यक्ष रवि कापुरे ने बताया कि यह महाधाम सूरत के पलसाणा चौकड़ी (Palsana Chowkdi) के पास 29.25 बीघा (करीब 58,000 वर्ग गज) भूमि पर बनाया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 400 करोड़ रुपये रखी गई है और इसका निर्माण कार्य 28 अप्रैल 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है।

महाधाम के भूमिपूजन समारोह का आयोजन 1 मार्च 2026 को संत-महात्माओं के सानिध्य में किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से प्रमुख संत-महंत, समाजसेवी, उद्योगपति और राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी।

ट्रस्ट के पदाधिकारी आलोक अग्रवाल और राजेंद्र पटवारी ने बताया कि भूमिपूजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। उज्जैन महाकाल मंदिर के मुख्य महंत गुरु प्रदीप शर्मा और सालासर बालाजी के मुख्य पुजारी विशनजी मिठ्ठ जी भी इस भव्य आयोजन में मौजूद रहेंगे।

परियोजना के तहत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां

  • 1000 लोगों के एक साथ भोजन करने की व्यवस्था वाले भोजनालय,
  • 150 कमरों वाला विशाल गेस्ट हाउस,
  • और एक विस्तृत गोशाला का निर्माण किया जाएगा।

ट्रस्ट ने सूरत की धर्मप्रेमी जनता, उद्योग जगत और भामाशाहों से इस धार्मिक महायोजना से जुड़ने और सहयोग देने की अपील की है। ट्रस्ट का कहना है कि जितने अधिक लोग इस पहल से जुड़ेंगे, उतनी ही जल्दी यह ‘महाधाम’ साकार रूप लेगा।

यह महाधाम न केवल सूरत की धार्मिक पहचान को नया आयाम देगा, बल्कि शहर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा।