Maharashtra National

PM मोदी ने किया नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे अत्याधुनिक और भव्य हवाई अड्डों में से एक, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) का उद्घाटन कर देश को एक नई उड़ान दी है. लगभग 2,866 एकड़ में फैले और 19,650 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट से न सिर्फ मुंबई, बल्कि पुणे और कोंकण के व्यापार, पर्यटन और वैश्विक संपर्क को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा.

2018 में रखी गई आधारशिला अब हकीकत बन चुकी है. अदाणी ग्रुप (74%) और महाराष्ट्र सरकार की एजेंसी CIDCO (26%) के संयुक्त प्रयास से तैयार इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत विकसित किया गया है. NMIA की शुरुआती सालाना यात्री क्षमता 2 करोड़ है, जिसे अंतिम चरण तक 9 करोड़ यात्रियों तक बढ़ाया जाएगा. इसके साथ ही एयरपोर्ट 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो हैंडल करने की क्षमता रखेगा, जो इसे एशिया का प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब बनाएगा.

3700 मीटर लंबे दो रनवे, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी, कम विजिबिलिटी में भी संचालन क्षमता और शानदार टर्मिनल डिज़ाइन इसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट्स की कतार में ला खड़ा करता है. अब मुंबई, लंदन, न्यूयॉर्क और टोक्यो जैसे शहरों की सूची में शामिल हो गया है, जहां दो इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं. इससे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) का दबाव कम होगा और यात्रियों को राहत मिलेगी. NMIA न सिर्फ एक एयरपोर्ट है, बल्कि यह भारत के बुनियादी ढांचे की शक्ति और भविष्य के आत्मविश्वास का प्रतीक बन चुका है.