अमेरिका के पिट्सबर्ग में एक और भारतीय मूल के नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक 51 वर्षीय राकेश एहागाबन पिट्सबर्ग के रॉबिन्सन टाउनशिप स्थित एक मोटल में मैनेजर थे. घटना 3 अक्टूबर की रात की है, जब वह मोटल के बाहर सड़क पर हो रहे विवाद को शांत कराने निकले थे. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही राकेश ने बंदूक लिए आरोपी से पूछा, “क्या तुम ठीक हो, दोस्त?”, आरोपी स्टेनली यूजीन वेस्ट (37) ने कुछ ही दूरी से उनके सिर में गोली मार दी. राकेश की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना मोटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने बताया कि आरोपी उसी मोटल में ठहरा हुआ था और उसकी महिला साथी दो सप्ताह से वहां रह रही थी. घटना से पहले महिला अपने बच्चे के साथ मोटल से निकलने की कोशिश कर रही थी, तभी आरोपी ने उसकी कार पर भी गोली चलाई.
इसके बाद राकेश वहां पहुंचे और उन्हें भी गोली मार दी गई. आरोपी ने बाद में भागने की कोशिश की और पुलिस पर भी फायरिंग की. पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर ईस्ट हिल्स इलाके में मुठभेड़ के दौरान वह घायल हो गया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. स्टेनली पर हत्या, हत्या की कोशिश और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप लगाए गए हैं. यह घटना अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता खड़ी करती है.









