National

बर्मिंघम में लैंडिंग से पहले एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी अलर्ट, सभी यात्री सुरक्षित

अमृतसर से बर्मिंघम जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI117 में शनिवार को लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी अलर्ट के चलते रैम एयर टर्बाइन (RAT) अपने-आप सक्रिय हो गया. यह घटना विमान की फाइनल अप्रोच के दौरान हुई. हालांकि, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और फ्लाइट ने बर्मिंघम एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की.

एयर इंडिया के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सभी इलेक्ट्रिकल और हाइड्रॉलिक सिस्टम सामान्य पाए गए हैं. इसके बावजूद मानक प्रक्रिया के तहत विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है. इस कारण से बर्मिंघम से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI114 को रद्द कर दिया गया है.

एयर इंडिया ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा है कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. बता दें कि RAT एक इमरजेंसी डिवाइस है, जो बिजली या हाइड्रॉलिक फेलियर की स्थिति में विमान को जरूरी पावर देता है. हालांकि इस मामले में ऐसा कोई फेलियर नहीं पाया गया.