भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) कर्ज चूकने वालों पर सख्ती के लिए एक नए नियम पर विचार कर रहा है. अगर कोई ग्राहक EMI पर मोबाइल फोन खरीदता है और समय पर किस्त नहीं चुकाता, तो उसका फोन डिजिटल तरीके से लॉक कर दिया जाएगा. यह लॉक तभी हटेगा जब ग्राहक बकाया भुगतान करेगा. इस प्रक्रिया के लिए मोबाइल में पहले से एक थर्ड पार्टी ऐप इंस्टॉल होगी, जिसकी सहमति पहले ही ली जाएगी. लॉक होने पर केवल इमरजेंसी कॉल की सुविधा उपलब्ध रहेगी और लॉक से पहले ग्राहक को रिमाइंडर भेजा जाएगा.
इसके अलावा, RBI ने यह भी तय किया है कि बेसिक सेविंग अकाउंट (BSBD) धारकों को अब बिना किसी न्यूनतम बैलेंस के इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग की सुविधा मुफ्त मिलेगी. इससे डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा मिलेगा. RBI ने घोषणा की है कि अब ग्रामीण सहकारी बैंक भी बैंकिंग लोकपाल योजना के अंतर्गत आएंगे. यानी गांवों में रहने वाले ग्राहक भी बैंक से जुड़ी शिकायत सीधे RBI की वेबसाइट, ईमेल या टोल-फ्री नंबर के जरिए दर्ज करा सकेंगे.
साथ ही, RBI ने 2027 से अपेक्षित ऋण हानि (ECL) ढांचा लागू करने की तैयारी की है, जिसमें बैंकों को भविष्य की कर्ज हानि का अनुमान लगाकर पहले से पैसा अलग रखना होगा. इससे कर्ज लेना थोड़ा कठिन और महंगा हो सकता है. अंत में, अर्बन को-ऑपरेटिव बैंकों के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया फिर से शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है.









