National

सुप्रीम कोर्ट की कड़ी चेतावनी- पराली जलाने वालों को जेल भेजा जाए, तभी सुधरेंगे हालात

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है. कोर्ट ने पराली जलाने की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है जब कुछ किसानों को जेल भेजकर सख्त संदेश दिया जाए, ताकि बाकी लोग भी सचेत हो जाएं. मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने कहा कि कोर्ट सभी किसानों को सजा देने की बात नहीं कर रही, लेकिन अगर पर्यावरण को बचाना है तो कुछ कड़े कदम जरूरी हैं. उन्होंने कहा कि यह संदेश जरूरी है कि कानून तोड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा.

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील राहुल मेहरा ने बताया कि पहले जिन किसानों को गिरफ्तार किया गया था, वे अधिकतर छोटे किसान थे, जिनके पास बहुत कम जमीन है. ऐसे में जेल भेजना उनके परिवारों पर भारी पड़ सकता है. इस पर कोर्ट ने कहा कि सभी किसानों की बात नहीं हो रही, लेकिन अब सख्ती जरूरी है.

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि पराली से बायोफ्यूल बनाया जा सकता है, और यह कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है. इससे प्रदूषण भी रुकेगा और किसानों को भी फायदा होगा. एमाइकस अपराजिता सिंह ने बताया कि सरकार किसानों को मशीनें और सब्सिडी दे रही है, फिर भी लोग पराली जला रहे हैं. कोर्ट ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो सुप्रीम कोर्ट खुद आदेश जारी करेगा। अब इस मामले की अगली सुनवाई अगले हफ्ते होगी.