Maharashtra

Mumbai-Nagpur Expressway: एक्सप्रेसवे पर ठोकी गईं कीलें, कई गाड़ियों के टायर पंक्चर

नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेसवे से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सावंगी इंटरचेंज और जम्भला इंटरचेंज के बीच सड़क पर बड़ी-बड़ी कीलें ठोंकी हुई मिलीं। इनके ऊपर से गुजरने के कारण कई वाहनों के टायर पंक्चर हो गए और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि सड़क पर कई मीटर तक कीलें बिखरी पड़ी थीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन्हें किसने और कब डाला। जानकारी मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग सक्रिय हो गए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जा सकें।

सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों ने कड़ी नाराज़गी जताई है और आरोपियों को जल्द पकड़कर कड़ी सजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाह और खतरनाक हरकतें न केवल यात्रियों की जान के लिए खतरा हैं बल्कि एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे
मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे 5 जून 2025 से पूरी तरह चालू हो चुका है। 701 किलोमीटर लंबा और 6 लेन चौड़ा यह एक्सप्रेसवे देश के सबसे बड़े और आधुनिक एक्सप्रेसवे में से एक है। इसके बनने से मुंबई और नागपुर के बीच यात्रा समय 16 घंटे से घटकर महज 8 घंटे रह गया है।

यह एक्सप्रेसवे न केवल मुंबई और नागपुर को जोड़ता है बल्कि विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तरी महाराष्ट्र के 24 जिलों से होकर गुजरता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस परियोजना से उद्योग, कृषि और पर्यटन क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।