Crime Jammu & Kashmir National

कश्मीरी पंडित महिला की हत्या के मामले में SIA की श्रीनगर में छापेमारी

राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने कश्मीरी पंडित महिला सरला भट्ट की 35 साल पुरानी हत्या के मामले में कश्मीर की कई जगहों पर छापे मारे हैं. SIA की टीम ने प्रतिबंधित जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासीन मलिक के आवास सहित श्रीनगर के 8 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. SIA की टीम पुलिस और CRPF के साथ आज सुबह श्रीनगर में आठ ठिकानों पर तलाशी ले रही है.

बता दें कि अनंतनाग की 27 वर्षीय कश्मीरी पंडित महिला नर्स की अप्रैल 1990 में कश्मीर में उग्रवाद के चरम के दौरान बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. वह श्रीनगर के सौरा स्थित शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्यरत थीं. 14 अप्रैल, 1990 को जम्मू और कश्मीर लिबरेशन फ्रंट से जुड़े आतंकवादियों ने संस्थान के हब्बा खातून छात्रावास से उनका अपहरण कर लिया था.

अपहरण के बाद कई दिनों तक कश्मीरी पंडित महिला के साथ सामूहिक बलात्कार और यातनाएं दी गईं थीं. 19 अप्रैल 1990 को श्रीनगर के मल्लाबाग स्थित उमर कॉलोनी में गोलियों के निशान के साथ उनका क्षत-विक्षत शव मिला था. इसके बाद श्रीनगर जिले के निगीन थाने में एफआईआर 56/1990 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था. उनकी हत्या कश्मीरी पंडित समुदाय को भारतीय खुफिया एजेंसियों का एजेंट बताकर घाटी से खदेड़ने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा थी.