दिल्ली के तापमान में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिली है। मार्च महीने में ही में मई-जून जैसी गर्मी पड़ने लगी है। हाल यह है कि तापमान 40.5°C तक पहुंच गया है। बता दें कि पिछले तीन दिनों से तापमान में लगातार उछाल देखा जा रहा है। बुधवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी लोगों से बड़ी अपील की है।
देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। वहीं, दिल्ली में भी गर्मी अब डराने लगी है। अप्रैल का महीना अभी आया भी नहीं और गर्मी ने दिल्लीवालों के पसीना छुड़ाना शुरू कर दिया। गर्मी से दिल्लीवासियों का हाल बेहाल होने लगा है। दिल्ली में गर्मी ने पिछले तीन सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार को 2022 के बाद से मार्च का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।
दिल्ली में 26 मार्च को अधिकतम तापमान 40.5°C तक पहुंच गया। जो पिछले तीन सालों में मार्च महीने में सबसे अधिक था। दिल्ली का सबसे गर्म इलाका पीतमपुरा रहा, जहां का तापमान 40.6 डिग्री तक पहुंच गया। सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि रिज का तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 31 मार्च 2022 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था।
