पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बीती रात धर्मशाला के जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचे, दरअसल पूर्व में उनके मीडिया सलाहकार रहे विश्व चक्षु की धर्मपत्नी सड़क दुर्घटना के कारण धर्मशाला अस्पताल में भर्ती हैं. जयराम ठाकुर को इसकी जानकारी मिलते ही वे धर्मशाला अस्पताल पहुंचे. जहां उन्होंने विश्व चक्षु की धर्मपत्नी का कुशलक्षेम पूछा, इस दौरान उनके साथ धर्मशाला के पूर्व विधायक विशाल नेहरिया भी साथ रहे.
इस दौरान जयराम ठाकुर ने सत्तापक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार मंदिरों के चंदे को सुख आश्रय और अन्य योजनाओं में खर्च करने की तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने अगर मंदिरों के चंदे का उपयोग किया, तो वह केवल गोसदन और गौ सेवा से जुड़े कार्यों के लिए किया गया, जो कि सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण अंग है. हमने इस धनराशि को हेलीकॉप्टर, मुख्यमंत्री की गाड़ियों या सरकारी खर्चों में नहीं लगाया.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और जनता के हितों की अनदेखी कर रही है.









