दिल्ली विधानसभा चुनाव के एक दिन पहले राजधानी में सियासी माहौल गर्म हो गया है। आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं, जो अब काफी चर्चा में हैं। शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल के आदेश के बाद ACB की टीम अरविंद केजरीवाल के घर पहुंची है। पांच सदस्यीय टीम फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री के घर के अंदर जांच कर रही है।
एसीबी की टीम के पहुंचते ही आम आदमी पार्टी की लीगल टीम के वकील भी केजरीवाल के घर पहुंच गए हैं। बीजेपी की शिकायत के बाद उपराज्यपाल ने एसीबी को जांच करने के निर्देश दिए थे। सूत्रों के अनुसार, आप नेता संजय सिंह ने एसीबी के दफ्तर में अपनी शिकायत दर्ज कराई है और उनके बयान भी दर्ज किए जा सकते हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाए थे कि बीजेपी ने चुनाव में धांधली करने के लिए पैसे बांटे थे।
दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीरवार को बीजेपी पर आरोप लगाया था कि 16 उम्मीदवारों को खरीदने के लिए फोन कॉल किए गए थे और उन्हें 15-15 करोड़ रुपए देने का प्रस्ताव दिया गया था। इस आरोप को AAP के सांसद संजय सिंह ने भी दोहराया। इसके अलावा, संजय सिंह ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी ने खुलेआम पैसे, जूते, चप्पल और साड़ियां बांटीं, लोगों की उंगलियों पर स्याही लगाई, रास्ते रोके गए और जंगपुरा में पैसे बांटे गए, लेकिन चुनाव आयोग ने एक छोटे अधिकारी के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की।









