भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में चोटिल हुए ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी चोट को गंभीर मानते हुए बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए पुष्टि की है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के ऑलराउंडर आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है। पहले वनडे में गेंदबाजी के दौरान सुंदर चोटिल हो गए थे।
रिप्लेसमेंट के तौर पर चुने गए आयुष बडोनी घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं। भारतीय लीग में उन्होंने 56 मुकाबलों में 963 रन बनाए हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 22 पारियों में 693 रन और 18 विकेट दर्ज हैं। वे घरेलू क्रिकेट में दिल्ली टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। बीसीसीआई के इस फैसले के बाद आयुष बडोनी को पहली बार वनडे स्क्वाड में मौका मिला है और अब उनसे सीरीज के आगामी मुकाबलों में टीम इंडिया को मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है।


