उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सर्द हवाओं ने लोगों को एक बार फिर ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। रविवार को दिन में धूप खिली रही, लेकिन शाम होते ही तेज ठंडी हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाएं 12-14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। इन हवाओं के चलते वायु प्रदूषण में कुछ राहत मिली है, और वीजिबिलिटी में सुधार हुआ।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए कोल्ड वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले एक सप्ताह तक उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय ठंड और तेज बने रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के मध्य तक सर्दी का असर बना रह सकता है।









