दिल्ली-NCR में चल रही तीन दिवसीय ट्रांसपोर्ट और टैक्सी हड़ताल का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखने लगा है। दूसरे दिन आज़ादपुर मंडी में सब्जियों की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई, जिससे बाजार में दाम अचानक बढ़ गए हैं। हरी सब्जियों की आवक कम होने के कारण कई वस्तुओं के भाव दोगुने तक पहुंच गए हैं। धनिया, जो पहले 40 रुपये किलो था, अब 100 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। अदरक के दाम भी बढ़कर 120 से 130 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। नींबू, पुदीना, प्याज, आलू और लहसुन जैसे जरूरी सामान की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में बहुत सीमित ट्रक पहुंच रहे हैं, जिससे केवल एक-दो दिन का ही स्टॉक बचा है। अगर यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं।
हड़ताल का असर सिर्फ बाजार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, आनंद विहार और मंडी हाउस जैसे व्यस्त स्थानों पर लोगों को आवाजाही में दिक्कतें आईं। कई ट्रक और कमर्शियल वाहन सड़कों पर नहीं उतरे, जिससे परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई। ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने यह हड़ताल सरकार की नीतियों और बढ़ते CNG-पेट्रोल-डीजल के दामों के विरोध में शुरू की है। उनका कहना है कि टैक्स और ईंधन की बढ़ती लागत से ड्राइवरों की आजीविका पर असर पड़ रहा है। यूनियनों ने इसे 23 मई तक जारी रखने की घोषणा की है।









