Jio और Airtel के कई रिचार्ज प्लान्स के साथ मिलने वाली Google One की फ्री क्लाउड स्टोरेज सुविधा को लेकर यूजर्स के लिए जरूरी चेतावनी सामने आई है। इन ऑफर्स के तहत यूजर्स को 6 महीने से लेकर 18 महीने तक 1TB या 2TB तक की स्टोरेज मुफ्त मिलती है, जो शुरुआत में आकर्षक लगती है, लेकिन इसकी लापरवाही भविष्य में भारी पड़ सकती है। जानकारी के अनुसार, फ्री अवधि समाप्त होने के बाद यदि यूजर बढ़ी हुई स्टोरेज का सब्सक्रिप्शन नहीं लेते हैं, तो उन्हें या तो डेटा हटाना होगा या फिर हर महीने भुगतान करना पड़ेगा। ऐसा न करने पर Gmail, Google Drive और Google Photos जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिसमें नए ईमेल आना और फाइल अपलोड जैसी सुविधाएं बंद हो सकती हैं।
Google पहले से हर यूजर को 15GB फ्री स्टोरेज देता है, और इसके भर जाने पर सेवाओं पर असर पड़ने लगता है। ऐसे में बड़ी मात्रा में फोटो, वीडियो और फाइल्स का बैकअप रखना भविष्य में परेशानी बढ़ा सकता है, खासकर जब इन्हें बाद में हटाना या डाउनलोड करना मुश्किल हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, Google Photos का ऑटो बैकअप बंद करना और केवल जरूरी दस्तावेज व महत्वपूर्ण डेटा ही क्लाउड में सेव करना समझदारी भरा कदम होगा। इससे यूजर्स न सिर्फ स्टोरेज का सही उपयोग कर पाएंगे, बल्कि भविष्य में महंगे सब्सक्रिप्शन लेने से भी बच सकते हैं।









