National

UGC ने फर्जी यूनिवर्सिटी की लिस्ट जारी की, दिल्ली का कॉलेज भी शामिल

यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) ने एक बार फिर फर्जी यूनिवर्सिटीज की सूची जारी की है, जिसमें दिल्ली का एक कॉलेज भी शामिल है। UGC ने स्पष्ट किया है कि इन संस्थानों से जारी कोई भी डिग्री या डिप्लोमा सरकारी नौकरियों या सरकारी संस्थानों में प्रवेश के लिए मान्य नहीं है। ये संस्थान UGC से मान्यता प्राप्त नहीं हैं, फिर भी छात्रों को डिग्री दे रहे हैं।

दिल्ली के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट सॉल्यूशन को फर्जी यूनिवर्सिटी की लिस्ट में शामिल किया गया है। यह संस्थान UGC अधिनियम 1956 की धारा 2(f) और 3 के तहत मान्यता प्राप्त नहीं है। UGC ने छात्रों और उनके माता-पिता को चेतावनी दी है कि ऐसे कॉलेज में प्रवेश लेने से बचें।

दिल्ली में ऐसे अन्य फर्जी संस्थानों में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एंड फिजिकल हेल्थ साइंसेज, कमर्शियल यूनिवर्सिटी लिमिटेड, यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी, वोकेशनल यूनिवर्सिटी और वर्ल्ड पीस ऑफ यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी शामिल हैं। इसके अलावा यूपी, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, कर्नाटक और केरल के कई संस्थान भी फर्जी पाए गए हैं। UGC ने सभी से अपील की है कि वे किसी भी कॉलेज में एडमिशन लेने से पहले उसकी मान्यता UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांचें।