वेदांता समूह के संस्थापक अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन हो गया। 49 वर्षीय अग्निवेश स्कीइंग के दौरान घायल हो गए थे और न्यूयॉर्क के माउंट साइनाई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हालत में सुधार की उम्मीद के बीच उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया। इस गहरे सदमे के बाद अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने दिल का दर्द साझा किया।
अनिल अग्रवाल ने लिखा कि यह उनके जीवन का सबसे दर्दनाक दिन है। उन्होंने कहा कि बेटे की अर्थी को कंधा देना किसी पिता के लिए सबसे बड़ा दुःख होता है। 3 जून 1976 को पटना में जन्मे अग्निवेश को याद करते हुए उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही चंचल, हंसमुख और मजबूत व्यक्तित्व के थे। उन्होंने मेयो कॉलेज, अजमेर से पढ़ाई की और बॉक्सिंग, हॉर्स राइडिंग व संगीत में गहरी रुचि रखी।
अनिल अग्रवाल के अनुसार, अग्निवेश एक सफल उद्यमी होने के साथ-साथ बेहद सरल और जमीन से जुड़े इंसान थे। वह वेदांता परिवार के हर कर्मचारी को अपना मानते थे। पिता ने लिखा कि अग्निवेश सिर्फ बेटा नहीं, बल्कि उनका दोस्त और सपना था। उन्होंने बेटे के साथ किए उस वादे को दोहराया कि अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा समाज सेवा में लगाएंगे और उसके सपनों को अधूरा नहीं रहने देंगे।









