National

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद भारत पहुंचा पहला LNG टैंकर ‘दिशा’, दहेज पोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद भारत के ऊर्जा आपूर्ति क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। माल्टा ध्वज वाला LNG टैंकर ‘दिशा’ आज सुबह गुजरात के दहेज पोर्ट पहुंच गया, जिसमें 62,370 मीट्रिक टन तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) लदी हुई है। यह जहाज 15 जून को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजरते हुए भारत की ओर रवाना हुआ था। भरूच बंदरगाह प्राधिकरण के अनुसार, जहाज ने पेट्रोनेट LNG जेटी पर सुरक्षित रूप से लंगर डाला। यह पहला बड़ा LNG टैंकर माना जा रहा है जो शांति समझौते के बाद पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण हालात से गुजरकर भारत पहुंचा है, जिससे ऊर्जा आपूर्ति को लेकर राहत की स्थिति बनी है।

जानकारी के अनुसार, यह जहाज कतर से LNG लेकर मार्च की शुरुआत में रवाना हुआ था, लेकिन होर्मुज क्षेत्र में तनाव और अस्थिर हालात के कारण लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सका। बाद में अमेरिका-ईरान समझौते के बाद समुद्री मार्ग फिर से सुरक्षित हुआ और जहाज ने अपनी यात्रा पूरी की। अधिकारियों ने बताया कि सरकार लगातार समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और समन्वय कर रही है। अब तक कुल 15 LNG और LPG जहाज सुरक्षित रूप से भारत पहुंच चुके हैं, जिनमें 10 भारतीय ध्वज वाले और 5 विदेशी ध्वज वाले पोत शामिल हैं, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिली है।