World

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर बढ़ा तनाव: ईरान की अमेरिका को सख्त चेतावनी

मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है, जब ईरान ने अमेरिका को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सैन्य गतिविधियों को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। ईरानी सेना ने साफ कहा है कि यदि अमेरिकी बल इस महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य के करीब आते हैं या इसमें प्रवेश करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें निशाना बनाया जाएगा। यह बयान ईरान के प्रमुख सैन्य कमान खतम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय की ओर से जारी किया गया है।

यह चेतावनी ऐसे समय में सामने आई है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि वाशिंगटन इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू करेगा। इस कदम का उद्देश्य उन जहाजों को सुरक्षित रास्ता देना है, जो मौजूदा तनाव के कारण इस क्षेत्र में फंसे हुए हैं। ईरान के वरिष्ठ अधिकारी मोहसिन रजाई ने अमेरिका पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “समुद्री लुटेरा” तक करार दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका दुनिया का ऐसा एकमात्र “पाइरेट” है, जिसके पास एयरक्राफ्ट कैरियर जैसे अत्याधुनिक हथियार हैं। रजाई ने चेतावनी दी कि यदि हालात बिगड़े, तो होर्मुज जलडमरूमध्य अमेरिकी सेना के लिए “कब्रगाह” साबित हो सकता है।

वहीं, अमेरिकी सेंटकॉम ने पुष्टि की है कि 4 मई से एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक, 100 से अधिक विमान, ड्रोन और लगभग 15,000 सैनिक शामिल होंगे। इस अभियान का मकसद समुद्री मार्गों पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। गौरतलब है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम मार्ग है। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बनता जा रहा है और इससे ऊर्जा बाजार पर भी असर पड़ने की आशंका है।