शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना में ईरान की गनबोट्स ने भारतीय झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में किसी भारतीय क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हालात इतने गंभीर हो गए कि दोनों जहाजों को अपना रास्ता बदलकर वापस लौटना पड़ा।
इस घटना का एक ऑडियो भी सामने आया है, जो ‘सनमार हेराल्ड’ नामक कच्चे तेल के टैंकर से जुड़ा बताया जा रहा है। समुद्री खुफिया एजेंसी ‘टैंकर ट्रैकर्स’ द्वारा साझा किए गए इस ऑडियो में जहाज का एक क्रू मेंबर ईरानी नौसेना से संपर्क करते हुए सुनाई देता है। वह कह रहा है कि उन्हें पहले आगे बढ़ने की अनुमति दी गई थी और उनका नाम सूची में भी शामिल था, फिर भी उन पर गोलीबारी की जा रही है। वह सुरक्षित वापसी की अनुमति मांगता हुआ भी सुनाई देता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के तथाकथित ‘ग्रीन एरिया’ में था, जिसे आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है। बताया जा रहा है कि जहाज ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कुछ समय के लिए अपना AIS सिस्टम बंद कर दिया था, जिसे बाद में फिर से चालू किया गया। ‘सनमार हेराल्ड’ के अलावा ‘जग अर्नव’ नामक एक अन्य भारतीय टैंकर को भी इस फायरिंग का सामना करना पड़ा। यह घटनाक्रम इसलिए और चिंताजनक है क्योंकि हाल ही में ईरान ने भरोसा दिलाया था कि भारतीय जहाजों के लिए यह मार्ग सुरक्षित रहेगा। अब इस घटना पर ईरान की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।









