Apple के ‘Surprise and Shine’ इवेंट को लेकर टेक्नोलॉजी की दुनिया में काफी उत्सुकता है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा कंपनी की नई और ज्यादा स्मार्ट AI Siri को लेकर हो रही है। Apple लंबे समय से Siri को एक साधारण वॉयस असिस्टेंट से आगे ले जाने की तैयारी कर रहा है। अगर कंपनी की योजना के मुताबिक सब कुछ रहा, तो यूजर्स का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। Apple ने 2024 में ही संकेत दे दिया था कि Siri को बड़े स्तर पर अपग्रेड किया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य ऐसी Siri तैयार करना है, जो केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित न रहे, बल्कि यूजर की जरूरतों को समझकर रोजमर्रा के कामों में सक्रिय रूप से मदद करे।
क्या बदलेगा नई Siri में?
नई Siri को Apple Intelligence की क्षमताओं से जोड़ा जा रहा है। इससे वह सामान्य भाषा में पूछे गए सवालों को बेहतर तरीके से समझ सकेगी और इंटरनेट से जानकारी हासिल करने में भी ज्यादा सक्षम होगी। खास बात यह है कि Siri iPhone की स्क्रीन पर दिखाई दे रही चीजों को समझकर उसके आधार पर मदद कर सकेगी। नई Siri के लिए एक अलग ऐप का अनुभव भी देखने को मिल सकता है, जहां यूजर चैट की तरह Siri से बातचीत कर पाएंगे। कैमरे के साथ इसका इस्तेमाल भी दिलचस्प होगा। किसी वस्तु या जगह की ओर कैमरा करने के बाद यूजर उससे जुड़ा सवाल Siri से पूछ सकेंगे।
इसके अलावा Notes, ईमेल और Messages जैसे ऐप्स में टेक्स्ट लिखने, सुधारने और एडिट करने में भी Siri मदद करेगी। फोटो एडिटिंग और Image Playground जैसी AI सुविधाओं का इस्तेमाल भी आसान बनाया जा सकता है।Apple के मुताबिक, नई Siri का इंग्लिश वर्जन iOS 27 और macOS 27 के साथ यूजर्स तक पहुंच सकता है। शुरुआत में कुछ फीचर्स बीटा और सीमित उपलब्धता के साथ आ सकते हैं। कुल मिलाकर, Apple की कोशिश Siri को सिर्फ आदेश मानने वाले असिस्टेंट से बदलकर यूजर की जरूरत समझने वाले AI साथी में बदलने की है।


