National

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप, कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी

देश के कई हिस्सों में हाल ही में बारिश के दौर के बाद अब एक बार फिर भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी एक सप्ताह के लिए कई राज्यों में तापमान बढ़ने और लू चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत सहित मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 13 से 19 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य प्रदेश में 16 अप्रैल तक तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है, जबकि छत्तीसगढ़ में भी लगभग 4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने लू (हीटवेव) को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। 14 अप्रैल से कई क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। सौराष्ट्र और कच्छ में 13 से 14 अप्रैल, मध्य प्रदेश में 16 से 18 अप्रैल, छत्तीसगढ़ में 16 से 19 अप्रैल, झारखंड में 17 से 18 अप्रैल और कर्नाटक में 15 से 17 अप्रैल के बीच लू चल सकती है।

वहीं, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत अलग रहेगा। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 14 अप्रैल को हल्की बारिश होने की संभावना है। असम में 17 से 19 अप्रैल और मेघालय में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।