National

पुडुचेरी में फिर गूंजेगा रंगासामी का नाम, 5वीं बार संभालेंगे मुख्यमंत्री पद

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की राजनीति में एक बार फिर एन. रंगासामी का दौर लौटने जा रहा है। ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के प्रमुख एन. रंगासामी पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तैयार हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें औपचारिक रूप से पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उनकी नियुक्ति शपथ ग्रहण के दिन से प्रभावी मानी जाएगी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने भी उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित कर दिया है। रंगासामी 13 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में AINRC के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन किया। 30 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को कुल 18 सीटें हासिल हुई हैं। AINRC ने 16 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा ने 10 में से चार सीटें अपने नाम कीं। इसके अलावा गठबंधन के अन्य सहयोगी दल अन्नाद्रमुक और लाचिया जननायगा काची को एक-एक सीट मिली।

विपक्ष की बात करें तो डीएमके को पांच सीटें और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा। वहीं, नवगठित तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने भी दो सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

शांत और सरल व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले एन. रंगासामी पेशे से वकील रहे हैं। राजनीति में आने से पहले वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे, लेकिन आंतरिक मतभेदों के चलते उन्होंने 2008 में पार्टी छोड़ दी। इसके बाद 2011 में उन्होंने ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस की स्थापना की और उसी वर्ष चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने। पुडुचेरी के इतिहास में वह अपनी पार्टी बनाकर सत्ता तक पहुंचने वाले पहले नेता हैं।