National Politics Punjab

पंजाब में BSF व सेना ठिकानों के पास धमाकों पर सियासी घमासान, CM भगवंत मान ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

पंजाब में जालंधर और अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) और सेना प्रतिष्ठानों के पास हुए दो धमाकों के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। इन घटनाओं के कुछ घंटे बाद अमृतसर के खासा इलाके में सेना छावनी के पास भी एक विस्फोट हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन दोनों विस्फोटों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं चुनाव से पहले की एक “सोची-समझी साजिश” का हिस्सा हो सकती हैं और सवाल उठाया कि क्या राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह की परिस्थितियां बनाई जा रही हैं। उनके अनुसार, जहां-जहां भाजपा चुनाव लड़ती है, वहां इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।

दूसरी ओर, सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीमें और बम निष्क्रिय दस्ता तैनात किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक संदिग्ध व्यक्ति ने दीवार की ओर कुछ फेंका, जिसके बाद विस्फोट हुआ। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने या बड़ी क्षति की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात के समय जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर भी धमाका हुआ था, जिसके बाद पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सैन्य और नागरिक एजेंसियां मिलकर हर पहलू की जांच कर रही हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सरकार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन घटनाओं के पीछे असल में कौन लोग शामिल हैं।