महाराष्ट्र के पुणे में एक युवा कारोबारी की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर इसे दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में अब हत्या की आशंका सामने आई है। मृतक केतन विशाल अग्रवाल की मौत 18 जून को लोहगढ़ किले पर 400 फीट गहरी खाई में गिरने से हुई थी। उस समय वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए मंगेतर और दोस्तों के साथ वहां गया हुआ था। शुरुआती जांच में माना गया था कि तेज हवाओं के कारण संतुलन बिगड़ने से केतन खाई में गिर गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच की। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश हो सकती है।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे संकेत मिले कि घटना के समय केतन की मंगेतर उसके बेहद करीब मौजूद थी और उसे पीछे से धक्का दिया गया हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने मंगेतर और उसके एक करीबी पुरुष मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले की जांच अब हत्या के एंगल से की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, केतन की शादी इसी साल नवंबर में तय थी और दोनों परिवार तैयारियों में जुटे थे। यहां तक कि राजस्थान के उदयपुर में विवाह समारोह के लिए एक भव्य महल बुक किया गया था और मेहमानों के लिए विशेष विमान की व्यवस्था भी की गई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मंगेतर इस शादी से खुश नहीं थी और कथित तौर पर उसने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर केतन से छुटकारा पाने की योजना बनाई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।









