डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच Paytm ने बच्चों और टीनएजर्स के लिए एक खास फीचर ‘Paytm Pocket Money’ लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से अब ऐसे बच्चे, जिनका खुद का बैंक अकाउंट नहीं है, वे भी आसानी से UPI पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह सुविधा खासतौर पर स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
इस नए फीचर के जरिए माता-पिता अपने बच्चों के खर्चों पर पूरी नजर रख सकेंगे। परिवार के सदस्य NPCI के UPI Circle सिस्टम के माध्यम से बच्चों को जोड़ सकते हैं और हर ट्रांजैक्शन को रियल टाइम में ट्रैक कर पाएंगे। एक बार फीचर एक्टिव होने के बाद बच्चे अपने मोबाइल में Paytm ऐप के जरिए दुकानों, कैफे या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भुगतान कर सकेंगे, बिना किसी बैंक खाते के।
Paytm ने इस फीचर में सुरक्षा और कंट्रोल दोनों का खास ध्यान रखा है। माता-पिता बच्चों के लिए मासिक खर्च की सीमा तय कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, एक यूजर महीने में अधिकतम 15,000 रुपये तक खर्च कर सकेगा, जबकि एक बार में 5,000 रुपये तक का भुगतान किया जा सकेगा। शुरुआती 30 मिनट तक केवल 500 रुपये की ट्रांजैक्शन लिमिट रखी गई है, वहीं पहले 24 घंटे तक कुल 5,000 रुपये की सीमा लागू रहेगी, ताकि किसी गलत इस्तेमाल की संभावना कम हो।
इसके अलावा ‘Spend Summary’ फीचर खर्चों को अलग-अलग कैटेगरी में दिखाएगा, जिससे बच्चों को पैसे मैनेज करने की समझ भी मिलेगी। जरूरत पड़ने पर माता-पिता तुरंत लिमिट बदल सकते हैं या सेवा बंद भी कर सकते हैं। फीचर इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अपना Paytm ऐप अपडेट करना होगा।









