कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित वेनराइट सैन्य अड्डे पर भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने घटना की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने मृतकों और घायलों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया। आग लगने के कारणों का भी अभी पता नहीं चल पाया है।
रक्षा मंत्री के मुताबिक, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) मामले की जांच कर रही है। राहत और बचाव कार्य में कनाडाई सेना के साथ केंद्र सरकार, प्रांतीय प्रशासन और स्थानीय अधिकारी जुटे हुए हैं। वेनराइट क्षेत्र के अस्पताल और दमकल विभाग की टीमें भी सहायता कर रही हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और सैन्य अड्डे की चारदीवारी पार कर आसपास के क्षेत्र तक पहुंच गई। आग बुझाने के लिए कई स्थानों से दमकलकर्मियों को बुलाया गया। हालांकि, प्रशासन ने आसपास के निवासियों को घर खाली करने का आदेश नहीं दिया।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अल्बर्टा की मुख्यमंत्री डेनियल स्मिथ ने भी हादसे को गंभीर और दुखद बताया। विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिव्रे ने प्रभावित लोगों को समर्थन देने की बात कही और स्थानीय निवासियों से आपातकालीन निर्देशों का पालन करने की अपील की। वेनराइट सैन्य अड्डा एडमंटन से लगभग 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। यह कनाडा के प्रमुख सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल है, जहां सैनिकों को युद्ध जैसी परिस्थितियों में अभ्यास कराया जाता है। फिलहाल अधिकारी आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।


