National

रेडिसन ब्लू से लेकर बिगबास्केट-फ्लिपकार्ट तक पर FSSAI की कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पर शिकंजा

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और भ्रामक प्रचार के मामलों में कई कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें रेडिसन ब्लू होटल, डीएनवी फूड प्रोडक्ट्स, जाह्नवीतन्नी, जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया लिमिटेड, बिगबास्केट और फ्लिपकार्ट इंडिया शामिल हैं। प्राधिकरण ने सोशल मीडिया के जरिए इन कार्रवाइयों की जानकारी दी।

रेडिसन ब्लू होटल के निरीक्षण में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और उपकरणों की स्थिति से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। मशीनों पर जंग, फ्रीजर से पानी का रिसाव, कीटों की मौजूदगी और खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से अलग नहीं रखने जैसी कमियां पाई गईं। कर्मचारियों के खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने और तेल की गुणवत्ता की आवश्यक जांच में कमी मिलने पर होटल को सुधार नोटिस जारी किया गया है। वहीं, डीएनवी फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड का लाइसेंस गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियों और आवश्यक दस्तावेजों की अनुपलब्धता के कारण निलंबित कर दिया गया। जाह्नवीतन्नी का लाइसेंस भी नियमों के लगातार उल्लंघन और सुधारात्मक कदम संतोषजनक नहीं पाए जाने पर रद्द किया गया है।

इसके अलावा, जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया लिमिटेड, बिगबास्केट और फ्लिपकार्ट को राइस ब्रान ऑयल के कथित भ्रामक स्वास्थ्य दावों के मामले में नोटिस भेजे गए हैं। प्रचार में तेल को खराब कोलेस्ट्रॉल कम करने और हृदय स्वास्थ्य से जोड़ने वाले दावे किए गए थे। FSSAI ने इन दावों को संबंधित नियमों के अनुरूप नहीं माना और कंपनियों से जवाब मांगा है। प्राधिकरण का कहना है कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को भ्रामक दावों से बचाना है।