Punjab

भारत-पाक सीमा पर बड़ा एक्शन: AK-47 समेत 26 विदेशी हथियारों की खेप बरामद

पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अत्याधुनिक हथियारों की एक बड़ी खेप बरामद की गई है। इस ऑपरेशन के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके तार विदेश में बैठे एक हैंडलर से जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर के रूपनगर कॉलोनी निवासी रोहन खोसला के रूप में हुई है। उसे सीमा क्षेत्र के पास उस समय पकड़ा गया जब वह कथित तौर पर ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की खेप को आगे पहुंचाने की तैयारी कर रहा था।

बरामद हथियारों में एक AK-47 राइफल, 14 आधुनिक 9 एमएम पिस्टल और 11 .30 बोर की पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा 368 जिंदा कारतूस, 48 मैगजीन और अमेरिका में निर्मित एक बुलेटप्रूफ जैकेट भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी के लिए किया जा रहा था।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी को ऑस्ट्रेलिया में बैठे एक सहयोगी से निर्देश मिल रहे थे। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से हथियारों की ड्रॉप लोकेशन साझा की गई थी, जिसके आधार पर खेप उठाने और उसे आगे पहुंचाने की योजना बनाई गई थी।

अधिकारियों के मुताबिक यह खेप पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में गिराई गई थी। मामले में आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय वायुयान अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पंजाब पुलिस ने इसे सीमा पार हथियार तस्करी और संभावित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी बताया है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।