पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के किशनगढ़ क्षेत्र से एक गंभीर हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक निजी होटल अचानक ढह गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय होटल के भीतर कई लोग मौजूद थे और उनके मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, एनडीआरएफ की टीमों और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं या किसी की मृत्यु हुई है।
प्रशासन के अनुसार मलबे को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। होटल के ढहने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए हैं और सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।









