Maharashtra

महाराष्ट्र TET पेपर लीक: मास्टरमाइंड की पत्नी पटना से गिरफ्तार, करोड़ों के परीक्षा रैकेट की जांच तेज

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ और महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित मास्टरमाइंड परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को पटना के अगमकुआं (गांधी नगर) स्थित किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद ठाणे पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले गई, जहां अदालत ने उसे 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि बिजेंद्र गुप्ता अपनी छोटी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर पटना पहुंच सकता है। इसी इनपुट के आधार पर बिहार एसटीएफ और भिवंडी पुलिस ने सोमवार देर रात उसके ठिकाने पर छापेमारी की। हालांकि बिजेंद्र पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा, लेकिन कार्रवाई के दौरान उसकी पत्नी सुमन गुप्ता को हिरासत में ले लिया गया। मौके से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुमन गुप्ता को कथित पेपर लीक नेटवर्क की गतिविधियों की जानकारी थी। आरोप है कि वह गिरोह की अवैध कमाई का हिसाब-किताब संभालती थी और विभिन्न सदस्यों तक धन पहुंचाने में भी भूमिका निभाती थी। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर लीक की घटना के दौरान वह लगातार अपने पति के संपर्क में थी।

इससे पहले 27 जून को महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में पटना निवासी राजीव शाह, आकाश और हरियाणा निवासी धीरज को भिवंडी के एक होटल से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों ने बिजेंद्र गुप्ता को पूरे रैकेट का मुख्य संचालक बताया। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रश्नपत्र आगरा स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस से लीक कराया गया था। पुलिस अब फरार बिजेंद्र गुप्ता और उसके करीबी सहयोगी कपिल दहिया की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।