Jammu & Kashmir

जम्मू-कश्मीर: आतंकियों के मददगार की संपत्ति एनआईए ने कुर्क की

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सहयोगियों के खिलाफ एनआईए ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शोपियां में आतंकवादी मददगार तारिक अहमद मीर की संपत्ति कुर्क कर दी गई। इससे पहले गुरुवार को हिज्बुल मुजाहिद्दीन के एक और आतंकी की संपत्ति कुर्क की गई थी।

जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत के आदेश पर ज़ब्त की गई संपत्तियों में शोपियां के मालदेरा गांव में आठ मरला जमीन और 780 वर्ग फुट की कंक्रीट की एक मंजिला आवासीय इमारत शामिल है। मीर को अप्रैल में आतंकवाद से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था और अक्टूबर 2024 में एनआईए अदालत में उसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था।

एनआईए ने बयान में कहा कि संपत्ति कुर्की भारत की शांति, स्थिरता और सद्भाव को बाधित करने वाले कश्मीर में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई का हिस्सा है।

पुंछ में जवान शहीद
उधर, पुंछ जिले में सोमवार शाम हथगोले के दुर्घटनावश फटने से एक जवान शहीद हो गया। सुरनकोट क्षेत्र में चौकी पर संतरी ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में जवान की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।