भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के साथ मैदान पर हुई तीखी बहस को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कोलंबो में दूसरे टेस्ट के पहले दिन दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बीच जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पर कमेंट करते हुए लोगों से घटना पर जल्दबाजी में राय नहीं बनाने की अपील की।
क्रिकबज के एक वीडियो में कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सवाल उठाया था कि क्या जायसवाल ने बहस के दौरान अपनी सीमा पार कर दी थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि जब तक लोगों को यह पता नहीं है कि दोनों खिलाड़ियों के बीच वास्तव में क्या बातचीत हुई, तब तक उन्हें अपनी राय नहीं बनानी चाहिए। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि अगर कोई सीमा पार करता है, तो भारतीय टीम जवाब देना जानती है। दरअसल, एसएससी ग्राउंड पर पहले दिन के खेल के दौरान जायसवाल ने फर्नांडो के एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाए थे। इसके बाद वह 45 रन बनाकर आउट हो गए। पवेलियन लौटते समय फर्नांडो की ओर से कुछ कहे जाने के बाद जायसवाल वापस उनकी तरफ गए और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए। इस दौरान जायसवाल का हेलमेट फर्नांडो के माथे से टकराया और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। इसके बाद श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा और अन्य खिलाड़ियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया। भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी माना कि जायसवाल को गेंदबाज के इतने करीब नहीं जाना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने कहा कि मैदान पर बढ़े तनाव और जोश के कारण ऐसी स्थिति पैदा हो सकती है। कोटक के मुताबिक, संभव है कि फर्नांडो ने कुछ कहा हो और उसी प्रतिक्रिया में मामला गरमा गया हो।


