National World

21 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने इमरान खान के इलाज को लेकर शहबाज शरीफ से की अपील

पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान की बिगड़ती सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत ने चिंता जताई है। भारत के सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान को बेहतर चिकित्सा सुविधा और मानवीय व्यवहार देने की मांग की है। इस पहल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल ने की है।

पूर्व क्रिकेटरों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पाकिस्तान की न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नहीं है। उनका कहना है कि किसी कैदी को जरूरी इलाज और सम्मानजनक व्यवहार मिलना बुनियादी मानवीय अधिकार है। पत्र में मुख्य रूप से तीन मांगें रखी गई हैं। पहली, पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की स्वतंत्र और विस्तृत स्वास्थ्य जांच करने की अनुमति दी जाए। इसमें उनके निजी डॉक्टरों को भी शामिल करने की मांग की गई है। खासतौर पर उनकी दाहिनी आंख की रोशनी से जुड़ी चिंताओं की जांच पर जोर दिया गया है। दूसरी मांग उनके परिवार को नियमित मुलाकात की सुविधा देने की है। पूर्व कप्तानों ने सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है, जिसके तहत परिवार को हर सप्ताह उनसे मिलने की अनुमति है। तीसरी मांग डॉक्टरों की सलाह के अनुसार जरूरी इलाज बिना किसी देरी के उपलब्ध कराने की है।

इमरान खान 2023 से जेल में हैं और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार समेत कई मामले चल रहे हैं। वह और उनकी पार्टी इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते रहे हैं। हाल में स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बीच उन्हें अदालत के निर्देश पर इस्लामाबाद स्थित शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया था, लेकिन कुछ घंटों बाद वापस जेल भेज दिया गया। पत्र पर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के कई पूर्व कप्तानों ने भी हस्ताक्षर किए हैं। इनमें माइकल एथरटन, नासिर हुसैन, एंड्रयू स्ट्रॉस, एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, एडम गिलक्रिस्ट, क्लाइव लॉयड और अर्जुन रणतुंगा जैसे नाम शामिल हैं।