National

इंडिगो ने बिना चेक-इन बैगेज वाले यात्रियों के लिए सस्ता ‘IndiGo Lite’ फेयर किया लॉन्च

हवाई यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने ‘इंडिगो लाइट’ (IndiGo Lite) नाम से नया और किफायती किराया विकल्प लॉन्च किया है। यह फेयर खास तौर पर उन यात्रियों के लिए है जो केवल 7 किलोग्राम तक का केबिन बैग लेकर यात्रा करते हैं और चेक-इन बैगेज की आवश्यकता नहीं होती। इस नई सुविधा की बुकिंग 1 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि इस फेयर पर यात्रा 15 जुलाई 2026 से की जा सकेगी। ‘इंडिगो लाइट’ फेयर के तहत यात्रियों को कम कीमत में टिकट के साथ 7 किलोग्राम तक केबिन बैगेज और एक ऑटो-असाइन्ड सीट मिलेगी।

यदि यात्रा के दौरान बाद में चेक-इन बैगेज, पसंदीदा सीट, भोजन या अन्य अतिरिक्त सुविधाओं की जरूरत पड़ती है, तो उन्हें अलग से शुल्क देकर जोड़ा जा सकेगा। यह सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नॉन-स्टॉप उड़ानों दोनों पर उपलब्ध होगी। एयरलाइन के अनुसार, यह फेयर केवल इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कॉन्टैक्ट सेंटर के माध्यम से ही बुक किया जा सकेगा। इसके अलावा, इस श्रेणी में टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी IndiGo BluChip लॉयल्टी पॉइंट्स का लाभ मिलेगा। कंपनी का कहना है कि यह नया विकल्प उन यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो हल्के सामान के साथ यात्रा करना पसंद करते हैं और अनावश्यक खर्च से बचना चाहते हैं।