National

भारतीय नौसेना को मिलेगा पहला स्वदेशी NGOPV, 20 मई को कोलकाता में होगा लॉन्च

भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए कोलकाता स्थित Garden Reach Shipbuilders & Engineers (GRSE) 20 मई को पहला नेक्स्ट जनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल (NGOPV) लॉन्च करने जा रहा है। यह अत्याधुनिक युद्धपोत ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का अहम प्रतीक माना जा रहा है। लॉन्चिंग समारोह में भारतीय नौसेना के वाइस चीफ ऑफ नेवल स्टाफ Vice Admiral Sanjay Vatsayan मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उनकी पत्नी सरिता वत्सयान पारंपरिक तरीके से युद्धपोत का शुभारंभ करेंगी।

GRSE भारतीय नौसेना के लिए कुल चार आधुनिक NGOPV तैयार कर रहा है। इन युद्धपोतों में बड़ी संख्या में स्वदेशी तकनीक और उपकरणों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे देश की रक्षा निर्माण क्षमता को नई मजबूती मिलेगी। इससे पहले भी GRSE भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल के लिए कई ऑफशोर पेट्रोल वेसल बना चुका है। वर्ष 2014 में मॉरीशस को सौंपा गया MCGS Barracuda भारत का पहला निर्यातित युद्धपोत था।

नए NGOPV पुराने ऑफशोर पेट्रोल वेसल की तुलना में अधिक शक्तिशाली और लंबी दूरी तक संचालन में सक्षम होंगे। इनकी लंबाई लगभग 113 मीटर, चौड़ाई 14.6 मीटर और वजन करीब 3,000 टन होगा। यह युद्धपोत 23 नॉट्स की अधिकतम गति से चल सकेंगे और 8,500 नॉटिकल माइल तक की दूरी तय कर पाएंगे।

इन जहाजों में 24 अधिकारी और 100 से अधिक नौसैनिक तैनात रहेंगे। NGOPV का उपयोग समुद्री निगरानी, तटीय सुरक्षा, एंटी-पायरेसी मिशन, खोज एवं बचाव अभियान, मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों में किया जाएगा। इसके अलावा ये जहाज तस्करी रोकने, घुसपैठ विरोधी अभियानों और विशेष ऑपरेशनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।