National

भारतीय नौसेना को मिलेगी नई ताकत, गोवा में एमएच-60आर ‘रोमियो’ का दूसरा स्क्वाड्रन होगा कमीशन

भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत में एक और बड़ा इजाफा होने जा रहा है। 17 दिसंबर को गोवा स्थित आईएनएस हंसा में एमएच-60आर मल्टी रोल हेलीकॉप्टर ‘रोमियो’ के दूसरे स्क्वाड्रन INAS 335 को औपचारिक रूप से कमीशन किया जाएगा। इस अहम कार्यक्रम में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी के शामिल होने की संभावना है। हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती चीनी नौसैनिक गतिविधियों के बीच इस स्क्वाड्रन को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अमेरिका में निर्मित एमएच-60आर सीहॉक एक अत्याधुनिक मल्टी मिशन हेलीकॉप्टर है, जिसे खासतौर पर दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह हेलीकॉप्टर एंटी-सबमरीन वॉरफेयर, सतह पर हमला, समुद्री निगरानी और सर्च एंड रेस्क्यू जैसे मिशनों में सक्षम है।

रोमियो में आधुनिक सोनार, सोनोबॉय सिस्टम, एडवांस एवियोनिक्स और अत्याधुनिक डिफेंस सिस्टम लगाए गए हैं। यह टॉरपीडो, मिसाइल और प्रिसिजन गाइडेड रॉकेट दागने में सक्षम है। इन हेलीकॉप्टरों को आईएनएस विक्रांत, आईएनएस विक्रमादित्य और नौसेना के आधुनिक युद्धपोतों से संचालित किया जा सकेगा, जिससे भारतीय नौसेना की निगरानी और युद्ध क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी।