National

भारतीय सेना की  ‘Bharat Rice’ पहल लॉन्च, अब जवानों को मिलेगा उच्च गुणवत्ता वाला चावल

देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों को बेहतर गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध कराने के लिए भारतीय सेना ने ‘भारत राइस’ पहल की शुरुआत की है। सोमवार को दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में इस पहल को लॉन्च किया गया। इसके तहत निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार तैयार चावल सीधे सेना के आपूर्ति डिपो तक पहुंचाया जाएगा। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए भारतीय सेना और भारतीय खाद्य निगम (FCI) के बीच पांच साल का समझौता ज्ञापन भी किया गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘भारत राइस’ को किसान और जवान के बीच भरोसे का मजबूत बंधन बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल ‘जय जवान, जय किसान’ की भावना को साकार करती है। इसके जरिए किसानों की मेहनत से तैयार अनाज सीधे देश की रक्षा में तैनात सैनिकों तक पहुंचेगा। उन्होंने सैनिकों के कल्याण को राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए पौष्टिक भोजन, बेहतर उपकरण और प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। ‘भारत राइस’ योजना की शुरुआत सेना के आपूर्ति एवं परिवहन महानिदेशालय के नेतृत्व में की गई है। वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान चावल की आपूर्ति NAFED के माध्यम से की जाएगी। इस व्यवस्था को तैयार करने के लिए भारतीय सेना, FCI, NAFED और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के बीच करीब 18 महीने तक समन्वय किया गया।