National

ब्लूमबर्ग इकोनॉमी फोरम में PM मोदी का बड़ा संदेश, बोले- टेक्नोलॉजी, डेटा और ज्ञान ही असली ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत में पहली बार इस वैश्विक आयोजन के होने पर खुशी जताई और ब्लूमबर्ग तथा उनकी पूरी टीम को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि यह फोरम हर साल दुनिया के प्रमुख विचारकों, नीति-निर्माताओं और प्रभावशाली लोगों को एक मंच पर लाता है। उन्होंने कहा कि भारत में इस आयोजन का होना एक महत्वपूर्ण कदम है और इसके लिए सही समय पर सही जगह का चुनाव किया गया है।

ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम का आठवां वार्षिक सम्मेलन 13 से 15 अक्टूबर तक नई दिल्ली के द ताज पैलेस होटल में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘A World in Play: Defining the New Levers of Power’ रखी गई है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी समेत दुनिया भर के 500 से अधिक प्रमुख नेता, कारोबारी हस्तियां और नीति-निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में वैश्विक व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऊर्जा परिवर्तन, जलवायु संबंधी चुनौतियों, भू-राजनीतिक बदलाव और विश्व अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।

‘पावर टू एम्पावर’ पर पीएम मोदी का जोर

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने तकनीक, डेटा, ज्ञान और नवाचार को आज के दौर की प्रमुख शक्तियां बताया। उन्होंने कहा कि केवल यह देखना पर्याप्त नहीं है कि इन संसाधनों पर किसका अधिकार है, बल्कि यह भी जरूरी है कि उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा है। पीएम मोदी ने सवाल उठाया कि क्या तकनीक का लाभ केवल कुछ चुनिंदा लोगों तक सीमित रहना चाहिए या इससे समाज के बड़े हिस्से को आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। इसी तरह, ज्ञान का उपयोग केवल व्यक्तिगत प्रभाव बढ़ाने के बजाय लोगों की क्षमताओं को मजबूत करने के लिए होना चाहिए। उन्होंने इस विचार को ‘पावर टू एम्पावर’ यानी दूसरों को सशक्त बनाने की शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया। उनके संदेश का मुख्य जोर इस बात पर रहा कि वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब तकनीक और ज्ञान अधिक से अधिक लोगों के विकास और अवसरों का माध्यम बनें।