वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारतीय युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन दो पदक अपने नाम किए। राजस्थान के 19 वर्षीय हाई जंपर बसंत कुमार मेघवाल ने 2.21 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता और इस स्पर्धा में विश्व U20 चैंपियनशिप का पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।
सीमावर्ती कस्बे अनूपगढ़ से ताल्लुक रखने वाले मेघवाल भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व करते हैं। फाइनल में तीन खिलाड़ियों ने 2.21 मीटर की ऊंचाई पार की, लेकिन 2.24 मीटर पर सभी के प्रयास विफल रहे। इसके बाद काउंटबैक नियम के आधार पर पदकों का फैसला हुआ। अल्जीरिया के यूनेस अयाची ने पहले प्रयास में 2.21 मीटर पार कर गोल्ड हासिल किया, जबकि मेघवाल ने दूसरे प्रयास में यह ऊंचाई पार की। ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल को ब्रॉन्ज मिला।
इसके बाद 18 वर्षीय शाहनवाज खान ने लॉन्ग जंप में 7.84 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता। इटली के डेनिएले इंजोली ने 7.97 मीटर के साथ गोल्ड और ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के साथ सिल्वर जीता। इस चैंपियनशिप में भारत का पहला पदक आशीष यादव ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर जीतकर हासिल किया था।


