Sports

महिला टी20 वर्ल्ड कप में आज भारत-पाकिस्तान महामुकाबला, जानें मैच से जुड़ी हर अहम जानकारी

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज क्रिकेट प्रेमियों की नजरें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले पर टिकी होंगी। दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी। यह मुकाबला इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कमान फातिमा सना संभालेंगी।

भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। भारत में दर्शक इस हाई-वोल्टेज मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी मैच का लाइव प्रसारण उपलब्ध रहेगा। ऑनलाइन दर्शकों के लिए जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा रहेगी।

अगर पिच की बात करें तो एजबेस्टन की विकेट बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, जबकि मैच आगे बढ़ने पर स्पिनर भी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है, जिससे दर्शकों को पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है। तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भारत का पलड़ा भारी नजर आता है। महिला टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 6 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 2 जीत मिली हैं। ऐसे में एक बार फिर दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है और फैंस को एक यादगार मुकाबले की उम्मीद रहेगी।