Business National

वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में  BHEL का मुनाफा तीन गुना, शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल

सरकारी महारत्न कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए निवेशकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 155% बढ़कर 1,290 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है, जिससे बाजार में हलचल तेज हो गई। कंपनी का राजस्व भी मजबूत बढ़त के साथ 12,310 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो भेल का कुल मुनाफा लगभग तीन गुना बढ़कर 1,600 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वार्षिक राजस्व में भी 19% से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई।

इस शानदार नतीजे के साथ कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 1.40 रुपये प्रति शेयर का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है, जो निवेशकों के लिए अतिरिक्त लाभ का संकेत है। नतीजों के बाद शेयर बाजार में भेल के स्टॉक में जोरदार तेजी देखने को मिली और इसमें 10% से अधिक की उछाल दर्ज की गई। पिछले एक सप्ताह में यह शेयर करीब 17% और इस वर्ष अब तक 36% से अधिक का रिटर्न दे चुका है। ऊर्जा, रक्षा और ईवी चार्जर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में कंपनी के विस्तार ने निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया है, जिससे भेल के प्रदर्शन को बाजार में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।