Delhi

दिल्ली में अवैध दवा कारोबार का पर्दाफाश, बिना लाइसेंस चल रही दुकान पर छापा

दिल्ली में अवैध दवाइयों की बिक्री को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। दिल्ली सरकार के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने शाहदरा इलाके में छापेमारी कर गैरकानूनी तरीके से दवाइयां बेचने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर राशिद मार्केट, खुरेजी गांव में की गई।

कार्रवाई से पहले विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को नकली ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। उसने बिना डॉक्टर की पर्ची और बिना किसी बिल के दवाइयां खरीदीं, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि दुकान पर नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा था। इसके बाद टीम ने मौके पर छापा मारकर हरभगवान उर्फ भारत नामक व्यक्ति को बिना लाइसेंस दवाइयां बेचते हुए पकड़ा।

जांच के दौरान कुल 104 प्रकार की दवाइयां बरामद की गईं, जो बिक्री के लिए रखी गई थीं। इसके अलावा 23 एक्सपायर्ड दवाइयां भी मिलीं। कुछ दवाओं के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस दुकान का लाइसेंस सितंबर 2024 में ही रद्द हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद यहां अवैध रूप से दवाइयां बेची जा रही थीं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली पुलिस ने सरकारी अस्पतालों की मुफ्त दवाओं की चोरी और अवैध बिक्री से जुड़े एक गिरोह का भी पर्दाफाश किया था, जिससे इस समस्या की गंभीरता और बढ़ जाती है।