National

गोवा में CJP प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई, 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR; धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

गोवा की राजधानी पणजी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने 300 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि 11 अक्टूबर को आयोजित प्रदर्शन के दौरान हिंदुत्व विरोधी नारे लगाए गए, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई।

पणजी पुलिस निरीक्षक विजय कुमार चोडंकर के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर ‘हिंदुत्व मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196 और 299 के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने और धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने से संबंधित हैं।

पुलिस ने यह कार्रवाई तालेगांव निवासी रामप्रसाद केलकर की शिकायत के आधार पर की। शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया पर प्रसारित प्रदर्शन के वीडियो का हवाला दिया है। उनके अनुसार, CJP के सदस्यों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने में कथित अनियमितताओं का विरोध कर रही थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन खारिज होने के बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस जांच जारी है। इससे पहले, जिला प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद आजाद मैदान में प्रवेश करने पर पुलिस ने सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। बाद में बॉम्बे हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी कहा है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।