दुनिया के सात अजूबों में शामिल और प्रेम के प्रतीक ताजमहल में अगले तीन दिनों तक पर्यटक बिना टिकट प्रवेश का आनंद ले सकते हैं। यह विशेष अवसर शाहजहां के 371वें उर्स के उपलक्ष्य में दिया जा रहा है। इस दौरान न केवल ताजमहल का परिसर खुला रहेगा, बल्कि मुख्य मकबरे में भी पर्यटक जा सकेंगे और इसकी ऐतिहासिक और स्थापत्य कला का नजदीक से अवलोकन कर सकेंगे। ताजमहल की सुपरिटेंडेंट स्मिता एस. कुमार ने बताया कि भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 15 और 16 जनवरी को दोपहर 2 बजे से सूर्यास्त तक, पर्यटक ताजमहल में फ्री में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं, उर्स के अंतिम दिन 17 जनवरी को सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूरे दिन प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
यह अवसर उन सभी पर्यटकों और इतिहास प्रेमियों के लिए बेहद खास है, जो प्रेम की इस निशानी का दीदार मुफ्त में करना चाहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तीन दिवसीय फ्री एंट्री से आगरा में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। ताजमहल के परिसर में आमतौर पर भारतीयों के लिए 50 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 1,100 रुपये टिकट शुल्क लिया जाता है। जबकि बच्चों और छात्रों के लिए कुछ रियायतें होती हैं।









