Himachal Shimla

हिमाचल में 51 शहरी निकायों के चुनाव घोषित, 17 मई को मतदान

हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने 51 शहरी निकायों में चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी नगर निगम सहित 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में 17 मई को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना उसी दिन होगी, जबकि नगर निगम के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे। नामांकन 29, 30 अप्रैल और 2 मई को भरे जाएंगे, जबकि 6 मई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

करीब 1.80 लाख पुरुष और 1.79 लाख महिला मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 1808 पहली बार मतदान करेंगे। चुनाव के दौरान आचार संहिता लागू रहेगी और खर्च सीमा भी तय की गई है। मतदान से 48 घंटे पहले शराब के ठेके बंद रहेंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने बताया कि पंचायत चुनाव की घोषणा भी जल्द होगी और 31 मई से पहले सभी चुनाव संपन्न कर लिए जाएंगे।