गुजरात के चरोटर क्षेत्र में बुधवार शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। आणंद और आसपास के इलाकों में जैसे ही धरती हिली, लोग एहतियातन अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर चले गए।
गांधीनगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR) के अनुसार, यह भूकंप शाम करीब 4:35 बजे दर्ज किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई, जो कि हल्के श्रेणी का भूकंप माना जाता है। भूकंप का केंद्र आणंद से लगभग 36 किलोमीटर दूर स्थित था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, लगातार आ रहे झटकों ने स्थानीय लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में छोटे स्तर के भूकंप लगातार दर्ज किए जा रहे हैं। इससे पहले 21 अप्रैल को राजकोट जिले में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जबकि 19 अप्रैल को अमरेली जिले में 3.1 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के हल्के भूकंप आमतौर पर गंभीर खतरे का संकेत नहीं होते, लेकिन लगातार गतिविधि पर नजर रखना जरूरी होता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें।









